पूर्वी तुर्की में शुक्रवार को आए भूकंप में 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। 1000 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है। भूकंप से कई इमारतें ढह गईं, जिन्हें निकालने का काम जारी है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 दर्ज की गई। तुर्की के गृह मंत्री सुलेमान सोयलू ने बताया- भूकंप का केंद्र पूर्वी तुर्की में स्थित एलाजिग प्रांत के सिवरिस कस्बे में था। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे आया। इसका दायरा सिवरिस शहर में 10 किलोमीटर के क्षेत्र में ज्यादा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 40-40 सेकंड्स के अंतर में 60 झटके महसूस किए गए। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। सरकारी अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। भूकंप के बाद आफ्टरशॉक की आशंका के चलते लोगों को टूटी बिल्डिंगों के पास जाने से रोका गया है।
पड़ोसी देशों में भी भूकंप के झटके
भूकंप के झटके तुर्की के पड़ोसी देश ईरान, सीरिया और लेबनान में भी महसूस किए गए। इन देशों में जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
21 साल पहले भूकंप में गई थी 18000 की जान
तुर्की में सबसे खतरनाक भूकंप 1999 में आया था, तब यहां 18 हजार लोगों की मौत हुई थी। 10 साल पहले एलाजिग में 6 तीव्रता के भूकंप से 51 लोगों की जान चली गई थी। तुर्की में 22 जनवरी को भी भूकंप आया था। मणिसा प्रांत के कर्कगाक और अखीसर शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। तब रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.4 दर्ज की गई थी। जान-माल का नुकसान नहीं हुआ था।